सीतापुर। जिले में गुरुवार को जोरदार बारिश हुई। कभी धीमी तो कभी तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घंटों बारिश के चलते तहसील से लेकर एसपी कार्यालय परिसर समेत अन्य सरकारी कार्यालय पानी से लबालब हो गए।
पॉश कॉलोनियों समेत नवविकसित मोहल्लों में भी जलभराव हो गया। इससे राहगीरों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ीं, हालांकि दो घंटे बाद पानी घटने से आवागमन सामान्य हो गया। तब लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम में बदलाव के बाद गुरुवार को सुबह से ही रुक-रुककर बरसात हो रही थी। करीब आठ बजे एकाएक जोरदार बारिश शुरू हो गई। इससे कुछ ही देर में जलभराव हो गया। कलेक्ट्रेट, तहसील, एसपी कार्यालय, एनसीसी कार्यालय सहित अन्य कई कार्यालयों के परिसर में पानी भर गया। कार्यालयों के परिसर जलभराव के चलते तालाब सरीखे नजर आ रहे थे।
इसके चलते अधिकारियों व फरियादियों को कार्यालय के अंदर पहुंचने के लिए परेशानी उठानी पड़ी। अगर शहर के मोहल्लों की बात की जाए तो सबसे अधिक दिक्कत विकास नगर में आई। यहां पहले से ही जलनिकासी की व्यवस्था ठप थी। जब बरसात हो गई तो खाली पड़े प्लाट भी तालाब में तब्दील हो गए। इस गंदे पानी के बीच से होकर लोग निकलने को मजबूर रहे।
कुछ ऐसा ही हाल पूर्णागिरि नगर, मिरदही टोला, भुजियाना, आदर्श नगर, भार्गव कॉलोनी, लोहारबाग सहित 20 से अधिक मोहल्लों का रहा। इसके बावजूद नगरपालिका जलनिकासी का कोई इंतजाम नहीं कर सका। वहीं कैंची पुल पर भी पानी भरने से लोगों को आवागमन में दुश्वारी उठानी पड़ी।