सीतापुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना मछरेहटा ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में अब तक दूर की कौड़ी बनी हुई है। कहीं अधूरे निर्माण कार्यों ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है तो कहीं नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। घरों में नल से शुद्ध जल मिलने का ग्रामीणों का इंतजार खत्म होता नजर नहीं आ रहा है। इसके अलावा पाइप लाइन बिछ़ाने के लिए खोदे गए रास्ते भी ग्रामीणों की मुसीबत बढ़ा रहे हैं।
मछरेहटा की कुछ पंचायतों को छोड़ कर ज्यादातर पंचायतों में हर घर जल योजना का फायदा ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। मछरेहटा इलाके में दो से तीन साल पहले शुरू हुए प्रोजेक्ट भी अब तक अधूरे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस योजना पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए फिर भी कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। मछरेेहटा ब्लॉक मुख्यालय की ग्राम पंचायत मछरेहटा में ही ओवरहेड टैंक का निर्माण अधूरा पड़ा है। कुनेहटा लच्छीरामपुर में टंकी का निर्माण तो पूरा हो चुका है, लेकिन नियमित पानी की आपूर्ति अब तक नहीं मयस्सर हो पाई है। वहीं, पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने से जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को अवागमन में परेशानी हो रही है।
केस-1
पानी की नियमित आपूर्ति नहीं मिल रही
मछरेहटा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुनेहटा लच्छीरामपुर 3.21 करोड़ रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराते हुए घरों तक पाइन लाइन बिछाई गई। पानी की आपूर्ति शुरू तो की गई पर नियमित अब तक नहीं हो पाई है। दीनबंधु, अमित कुमार, अशोक कुमार आदि ने बताया कि पानी की सप्लाई कभी-कभी होती है। ग्रामीणों ने सुचारु रूप से पानी की सप्लाई दिए जाने की मांग उठाई है।
केस-2
तीन साल से अधूरी पानी की टंकी
मछरेहटा विकास खंड की ग्राम पंचायत मछरेहटा में करीब तीन वर्ष से पानी की टंकी का निर्माण अधूरा पड़ा है। पाइप लाइन बिछाकर डायरेक्टर पानी की आपूर्ति कभी-कभी कर दी जाती है। कस्बे की करीब 20 हजार आबादी तीन साल से नल से नियमित जल मिलने का इंतजार कर रही है। मनोज रावत, आफताब बेग, मो. रिजवान, संदीप वर्मा ने बताया कि सड़क भी खोद कर डाल दी गई है। पानी की सप्लाई भी नियमित नहीं मिलती है।
केस-3
दो साल से अटका काम
मछरेहटा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बहोरनपुर में 2.05 करोड़ रुपये से करीब दो साल पहले पानी की टंकी का निर्माण शुरू हुआ था जो आज तक अधूरा है। सतीश, डलई, अरविंद, आकाश, अमन ने बताया कि अभी तक पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है। नल से शुद्ध जल मिलने का अब तक इंतजार कर रहे हैं।
बजट के अभाव में अटके काम
बजट के अभाव में कार्य की प्रगति पर असर पड़ा है। बजट आने वाला है जल्द ही कार्य सुचारू रूप से शुरू कर दिए जाएंगे। जहां भी सड़क खोद कर डाल दी गई है संबंधित संस्था से उन्हें दुरुस्त कराने के लिए कहा जाएगा।
- मोहित पांडेय, अवर अभियंता जल निगम मछरेहटा