मोबाइल कंपनी की ओर से भूमिगत केबल बिछाने के दौरान वॉटर सप्लाई लाइन फट गई। इससे हजारों लीटर पीने का पानी बह गया। वहीं पानी बहने से आरकेपी परिसर में जलभराव हो गया।
करीब एक घंटे बाद नगरपालिका द्वारा सप्लाई बंद कराई गई। नई पाइप लाइन डालने के दौरान करीब आधा दर्जन मोहल्ले में वाटर सप्लाई बंद रही। हिंदू कन्या पाठशाला के निकट एक मोबाइल कंपनी की ओर से भूमिगत केबल बिछाई जा रही है।
रविवार को जेसीबी से खोदाई के दौरान करीब 70 मीटर वाटर सप्लाई की पाइप कट गई। इससे हजारों लीटर पानी बह गया। पहले तो कंपनी द्वारा इसे दुरुस्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन कर्मचारी पाइप लाइन दुरुस्त नहीं कर सके।
थोड़ी ही देर में एचकेपी का पूरा परिसर जलमग्न हो गया। सूचना पर पहुंची नगरपालिका टीम ने सप्लाई बंद कराई। जलकल प्रभारी सुधीर शुक्ला ने बताया पाइप लाइन कटने सेे घूरामऊ बंगला, आर्यनगर, लोहारबाग सहित आधा दर्जन मोहल्ले में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। ईओ अनुपम शुक्ल ने बताया कि पाइप लाइन को अब नए सिरे से लगाने का काम चल रहा है।