कमलापुर थाना इलाके में मंगलवार सुबह छप्पर समेत एक कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। इस हादसे में वहां पर मौजूद तीन लोग मलबे के नीचे दब गए। आननफानन मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला। लेकिन तब तक एक किशोर ने दम तोड़ दिया।
दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उधर, घटना की सूचना पाकर तहसीलदार सिधौली मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। साथ उन्होंने पीड़ितों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन भी दिया।
ग्राम फत्तेपुर निवासी रामप्रकाश का परिवार मंगलवार सुबह छप्पर के नीचे बैठा था। इसी बीच छप्पर दीवार समेत गिर गया। जिसकी वजह से रामप्रकाश का पुत्र शुभम (12), परिवार के ही जगन्नाथ (20) व गांव के रामचंदर का पुत्र अनुराग (18) मलबे के नीचे दब गए।
गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत से मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तक तक शुभम, जगन्नाथ व अनुराग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। घायलों को कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया।
यहां शुभम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जगन्नाथ व अनुराग की हालत खतरे से बाहर बताई है। बताया जा रहा है कि दीवार काफी पुरानी थी। जिसकी वजह से वह कमजोर हो गई थी।