जहांगीराबाद (सीतापुर)। बिसवां विकास खंड की ग्राम पंचायत गोधनी सरैंया में किसानों ने सोमवार को करीब 30 गोवंशों को गांव के सरकारी स्कूल में बंद कर दिया। सुबह प्रधानाध्यापक जब विद्यालय पहुंचे तो गोवंशों को विद्यालय में देखकर सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को बाहर ही रोक दिया। इसकी सूचना प्रधान को दी।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में 278 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं जिनमें से करीब 90 बच्चे विद्यालय आए थे। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान रमाकांत यादव ने अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर गोवंशों को पकड़ कर गोशाला में न भेजकर गेट खोलकर निकाल दिया। सचिव हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों ने गोवंश विद्यालय में बंद नहीं किए थे। बाउंड्रीवाल टूटी होने से कुछ गोवंश कूदकर अन्दर आ गए थे। जो स्कूल का दरवाजा खुलने पर निकल गए। गोवंशों को जल्द ही गोशाला में शिफ्ट किया जाएगा।
गोशाला में अव्यवस्थाओं का अंबार
गोधनी सरैंया स्थित गोशाला में अव्यवस्थाओं का अंबार है। गोवंशों का सीमेंटेड टैंक, क्षतिग्रस्त है। भूख-प्यास से बेहाल गोवंश बिलबिलाते मिले। गोशाला जाने का प्रमुख मार्ग भी जर्जर है। एक गोवंश दो दिनों से घायल पड़ा मिला। टीनशेड संग अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।