बिसवां-लहरपुर मार्ग पर प्राइवेट बसों के संचालन से खफा ग्रामीणों ने कल्याणपुर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। तालगांव पुलिस ने बस को कब्जे में लिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पिछले दिनों एक प्राइवेट बस के नहर में गिरने के बाद से इस मार्ग पर प्राइवेट बसों का संचालन बंद है।
बिसवां से लहरपुर के बीच लश्करपुर के करीब पिछले दिनों एक प्राइवेट बस अनियत्रिंत होकर शारदा नहर में गिर गई थी। तीन दिनों तक नहर में डूबे लोगों की तलाश की गई। हादसे में करीब आठ लोगों की मौत हो गई थी।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने इस मार्ग पर प्राइवेट बसों का संचालन बंद करने और रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई थी। प्रशासनिक सख्ती के बाद प्राइवेट बसों का संचालन ठप हो गया था। बताते हैं, कि पिछले कुछ दिनों से प्राइवेट बसे फिर से चलने लगीं।
यह देख नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को कल्याणपुर चौराहे पर एक प्राइवेट बस को रोक लिया। ग्रामीणों ने सवारियों को पीछे आ रही रोडवेज बस में बिठाने के बाद प्राइवेट बस संचालन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक ग्रामीण प्रदर्शन करते रहे।
तालगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को कब्जे में ले लिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर अरुण पटेल, दीपक, अभिषेक वर्मा, नरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र, गोविंद, अनुज, अजय व राजेश आदि मौजूद थे। एसओ तालगांव आमोद रंजन चौधरी ने बताया कि बस का चालान किया गया है।