हरगांव (सीतापुर)। ग्राम पंचायत महादेव अटरा के मजरा लंघनिया में शनिवार रात ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों के पास से तमंचा व चार कारतूस भी मिले हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इस कारण गांव वाले अपने घरों में जगकर पहरा दे रहे हैं। रात में पांच अंजान लोग गांव में आए। ग्रामीणों ने शक होने पर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, जिसमें दो लोगों को पकड़ लिया गया।
दोनों की पहचान लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना के हल्दीगुदरिया निवासी राना व पप्पू के रूप में हुई। दोनों भाई हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची ककराही चौकी की पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।