महमूदाबाद (सीतापुर)। पैंतेपुर क्षेत्र में शारदा सहायक नहर पटरी पर आ रही दरारों से ग्रामीण दहशत में हैं। पानी के तेज बहाव और बारिश के चलते नहर पटरी की मिट्टी कट रही है। जिससे दो दिन में दो बार नहर पटरी क्षतिग्रस्त हो गई। देर रात नहर पटरी पर दरारें और गड्ढे देखकर ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को सूचना दी। लेखपाल सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी के माध्यम से दरारों की मरम्मत का काम शुरू कराया है।
महमूदाबाद क्षेत्र से शारदा सहायक नहर की दो धाराएं निकलती हैं। जो पैंतेपुर होते हुए बाराबंकी जिले में प्रवेश करती हैं। पहाड़ों पर हो रही तेज बारिश के चलते नहरों में जलस्तर बढ़ गया है। तेज बहाव के चलते पैंतेपुर क्षेत्र में बाकरपुर गांव के पास नहर पटरी पर ग्रामीणों को दरारें और गड्ढे दिखाई दिए। काफी मात्रा में मिट्टी नहर में बह गई थी। नहर कटने की आशंका के बीच ग्रामीणों ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी। मौके पर पहुंची तहसील टीम ने स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद जेसीबी से मिट्टी से दरारें और गड्ढों को भरवाया। नहर पटरी पर आ रही दरारों से बाकरपुर, शादीपुर, मुबारकपुर, रेवान, मोहम्दीपुर सहित करीब एक दर्जन गांवों आशंकित बाढ़ के घेरे में है। ग्रामीण बबलू, अमित, लवकुश, संतोष, आनंद वर्मा, दिलीप आदि ने बताया कि रात में नहर में दरारें दिखाई देने पर अधिकारियों को सूचना दी गई थी। जेसीबी से मिट्टी भर दी गई है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।
रविवार को भी हुई थी मरम्मत
शारदा सहायक नहर पटरी में आ रही दरारों और मिट्टी कटान से ग्रामीणों में दहशत है। रविवार की दोपहर भी बेनीराम स्कूल के पास ग्रामीणों ने काफी मात्रा में मिट्टी कटान देखी थी। सूचना के बाद नहर विभाग के लोगों ने करीब तीन घंटे तक बोरियों और पेड़ की टहनियां डालकर भराव का काम किया था।
चिंता की कोई बात नहीं है। बारिश की वजह से थोड़े गड्ढे हो गए थे, उनको भरवा दिया गया था। बारिश के दिनों में मिट्टी बैठना सामान्य है।
-वीरेंद्र सिंह, अवर अभियंता सिंचाई विभाग