सीतापुर। कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र में मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें कुछ यात्री परिचालक से मारपीट करते दिखाई पड़ रहे हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो के आधार पर पुलिस तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मंगलवार शाम महमूदाबाद से लखनऊ जा रही रोडवेज बस यूपी 34 टी 9986 का एक वीडियो वायरल हुआ। परिचालक पवन कुमार ने बताया कि वह महमूदाबाद से लखनऊ तक के लिए रोडवेज बस में टिकट बना रहे थे। इस दौरान उन्होंने कुछ यात्रियों से अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा।
इसी दौरान बस में खड़े रामपुर मथुरा इलाके के नरायणपुरवा निवासी इमरान व सूरज कुमार यादव और थानगांव के नवीनपुरवा के अक्षय यादव उनके साथ मारपीट करने लगे। इससे उनके हाथ में चोट लग गयी। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसी दौरान किसी यात्री ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसी बस में सवार बहराइच के मुंसारी निवासी छात्र सफल पांडेय ने बताया कि मारपीट के दौरान मचे हंगामे के बीच उनका बैग भी चोरी हो गया। बैग में कुछ शिक्षण कार्य संबंधित कागजात व कपड़े थे। मौके पर पहुंची पुलिस मारपीट करने के तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।