बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को अवैध तमंचा व एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की गई गाड़ी की स्टेपनी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि उसे जेल भेजा जा रहा है। बिसवां कोतवाली के उपनिरीक्षक समय सिंह ने टीम के साथ कम्हरिया कटेसर गांव निवासी धीरज गुप्ता को सिंघापुर से गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इस आरोपी ने बिसवां कोतवाली क्षेत्र में चोरी की थी। लखनऊ के इटौंजा में हुई चोरी की तीन घटनाओं में वांछित है। पुलिस ने उसे जेल रवाना कर दिया है।
परमिट से अधिक काट डाले पेड़
रेउसा (सीतापुर)। थानगांव इलाके में दो बागों से परमिट से अधिक पेड़ काटने का मामला प्रकाश में आया है। वन विभाग ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है। इस मामले में जांच कराई जा रही है। थानगांव इलाके के ईंट गांव निवासी लाल बहादुर, बद्री प्रसाद ने बाग के कुछ पेड़ क्षेत्र के रूद्रपुर सेमरा निवासी इदरीस व तंबौर निवासी अनीस को बेचे थे। जिसमें दोनों ठेकेदारों ने 19-19 पेड़ों का परमिट बनवाया था। लेकिन दोनों बागों में लगे लगभग 50 पेड़ काटकर धराशाई कर दिए गए। मौके से लकड़ी भी उठा ले गए।
बिसवां वन रेंजर सीके पांडेय ने बताया कि अनीस ठेकेदार द्वारा काटे गए फालतू पेड़ो की लकड़ी पर 25 हजार का जुर्माना किया गया है। बद्री प्रसाद के पेड़ों को इदरीस ने परमिट से अधिक काटे तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।