सीतापुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने महमूदाबाद के दो कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का शुक्रवार को निरीक्षण किया। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही सब्जी व दाल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र सोनकर ने महिला अस्पताल महमूदाबाद में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की शुद्धता का जांच की। रसोइयों को रसोईघर में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। साथ ही रसोइया को बताया कि मसाला, ब्रेड आदि खरीदते समय पैकेट की एक्सपायरी तिथि जरूर देखें।
इसके बाद ब्लॉक पहला स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बिलौली बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की रसोई में रखी खाद्य सामग्री की जांच की। रसोइयाें को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। रसोई से आलू गोभी की सब्जी का नमूना लिया।
महमूदाबाद ब्लाॅक के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कलुवापुर में बन रहे एमडीएम को देखा। इस दौरान कच्चा अनाज व तेल की गुणवत्ता परखी। मसूर की दाल का नमूना भरा। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।