सीतापुर। जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पांडेय ने ग्राम विकास अधिकारी राजेश चौधरी को ढाई लाख रुपये के गबन के आरोप में निलंबित कर दिया। इसी मामले में एक ग्राम पंचायत अधिकारी को बीते माह निलंबित किया जा चुका है।
ब्लॉक परसेंडी की ग्राम पंचायत बन्नी शाहपुर में एक लाख 72 हजार 764 रुपये बिना खड़ंजा बिछवाए खर्च किया गया। साथ ही ग्राम में स्वीकृत चार सोलर लाइट मौके पर नहीं पाई गईं। इस मद में 87 हजार दो सौ रुपये खर्च होना दर्शाया गया। इस प्रकार कुल दो लाख 59 हजार 964 रुपये का दुरुपयोग प्रथम दृष्ट्या पाया गया।
इसके लिए जांच में प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी मुमताज अहमद एवं ग्राम विकास अधिकारी राजेश चौधरी को दोषी पाया गया। जांच दो अफसरों ने की थी। 26 जुलाई को ग्राम पंचायत अधिकारी मुमताज अहमद को डीपीआरओ द्वारा निलंबित किया जा चुका है। ग्राम विकास अधिकारी राजेश चौधरी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए दो अगस्त को डीएम ने डीडीओ को निर्देश दिए थे। इस पर जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पांडेय ने राजेश चौधरी को ढाई लाख रुपये के गबन के मामले में निलंबन कर दिया।