महाराजनगर (सीतापुर)। बिसवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत बघैय्या के ग्रामीणों ने मंगलवार को छुट्टा जानवरों की समस्या के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने ग्राम्य विकास अधिकारी मनोज कुमार पर जनसुनवाई की शिकायत में गलत आख्या लगाने का आरोप भी लगाया। सभी ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सदस्यों संग जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस समस्या को दूर करने की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जंगली व आवारा पशुओं का आतंक है। इस संबंध में ग्रामीण महफूज आलम पुत्र जमील अहमद ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 92315400042865 दर्ज कराई। इसका निस्तारण करते हुए ग्राम्य विकास अधिकारी मनोज कुमार यादव ने दर्शाया कि ग्राम पंचायत तेंदुआ में बने गौशाला में पशुओं को पकड़कर संरक्षित कर दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह आख्या गलत है। एक भी पशु संरक्षित नहीं किया गया है।
तीन बार की गई शिकायत पर यही गलत आख्या लगाकर शिकायत निस्तारित कर दी जाती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से झूठी रिपोर्ट लगाने वाले वीडीओ की जांच करने संग समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। इस दौरान विनोद कुमार, गोपी चन्द्र, सन्मेष, शिशुपाल, सलाउद्दीन, समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वीडीओ के विरोध में नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि यदि समस्या नहीं सुलझी तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।