सीतापुर। कोरोना टीकाकरण अभियान में युवाओं पर विशेष फोकस किया जाएगा। इस समय 18 प्लस युवाओं को लिए स्लॉट बुकिंग करवानी होती है। उसके बाद ही उनका टीकाकरण हो पाता है। अब व्यवस्था 30 जून के बाद समाप्त हो जाएगी। उसके बाद युवाओं को बिना बुकिंग के टीका लगेगा या कोई अन्य व्यवस्था के अनुसार टीकाकरण होगा। इस पर अभी निर्णय नहीं हो सका है।
21 जून को बुकिंग पोर्टल सेंट्रल गवर्नमेंट के पोर्टल में मर्ज हो जाएगा। उसके बाद ही टीकाकरण अभियान पर नई रणनीति सामने आएगी। तब तक बुकिंग के अनुसार टीकाकरण चलता रहेगा। इस समय तीन वर्गों में कोरोना टीकाकरण अभियान चल रहा है। 18 प्लस, 45 बरस से अधिक व 60 साल से ऊपर के लोगों को अलग-अलग तरीके से वैक्सीन दी जा रही है लेकिन 18 प्लस युवाओं के लिए एक जून से जिले में टीकाकरण शुरू हुआ है।
युवा वर्ग में टीकाकरण को लेकर काफी उत्साह बना हुआ है। इसी वजह से इनको टीका स्लॉट बुकिंग के आधार पर ही लगाया जा रहा है। इसके लिए पहले पोर्टल पर बुकिंग कराकर अपना टीकाकरण केंद्र निर्धारित करना होता है। अब यह व्यवस्था 30 जून के बाद समाप्त हो जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अभी तक राज्य सरकार सीधे कंपनी से वैक्सीन खरीदकर लोगों को लगवा रही थी। अब केंद्र सरकार वैक्सीन की खरीद करके युवाओं का टीकाकरण करवाएगी। इसलिए 21 जून से पोर्टल सेंट्रल गवर्नमेंट के पोर्टल में मर्ज हो जाएगा। तब तक स्लॉट के अनुसार टीकाकरण होता रहेगा। उसके बाद एक जुलाई से कैसे टीकाकरण होगा, इस पर अभी स्वास्थ्य विभाग का कोई प्लान तैयार नहीं कर सका है।
एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि स्लॉट बुकिंग बंद हो जाएगी। 21 को पोर्टल सेंट्रल गवर्नमेंट के पोर्टल में मर्ज हो जाएगा। उसके बाद ही किस तरह आगे टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, रणनीति बनाई जाएगी। अभी शासन से आगे को लेकर कोई निर्देश नहीं मिला है।