मालगोदाम में बारिश में भीगती यूरिया।
- फोटो : मालगोदाम में बारिश में भीगती यूरिया।
सीतापुर। जिम्मेदारों की गैर जिम्मेदाराना कार्यों से किसानों को खाद के लिए दुकानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वर्तमान में यूरिया की अधिक मांग है। इसके सापेक्ष खाद की दुकानों पर इसकी उपलब्धता नहीं है। जिले में आने वाली खाद समय से दुकानदारों तक नहीं पहुंच रही है। सोमवार को तामसेनगंज मोहल्ले में स्थित मालगोदाम इफको की यूरिया की बड़ी संख्या में बोरियां डंप मिलीं। इसमें तमाम बोरी फट गई हैं। इन्हें खाद दुकानदारों तक नही भेजा जा सका। अमर उजाला ने इसे जब अपने कैमरे में कैद किया तो इन्हें हटाए जाने के प्रयास शुरू किए गए। जानकारों के अनुसार इफको यूरिया को पीसीएफ और सहकारिता विभाग की ओर संबंधित स्थल पर पहुंचाना चाहिए।
समितियाें में भेजी गई खाद का हुआ वितरण
जिले में खाद की किल्लत को लेकर किसान परेशान हैं। इसे देखते हुए 100 साधन सहकारी समितियाें को खाद उपलब्ध कराई गई है। विभाग की ओर से इसकी सूची भी जारी की गई। एडीओ कृषि और सहायक विकास अधिकारी सहकारिता की ओर से अपनी निगरानी में इसका वितरण कराया गया। कुछ समितियों पर खाद नहीं पहुंची। इससे वहां किसान इंतजार करते रहे।