सीतापुर। आगामी 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनेगा। इस दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सभी विभाग स्टॉल भी लगाएंगे। ये निर्देश जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में दिए।
कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को आयोजित किये जाने वाले उत्तर प्रदेश दिवस में सभी संबधित विभाग अपनी कार्ययोजना बनाते हुए स्टाल लगाया जाना सुनिश्चित करें। शिक्षा, उद्योग, डूडा, स्वास्थ्य, प्रोबेशन, पशुपालन व ग्रामोद्योग आदि विभागों द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को योजनाओं से अवगत कराया जाएगा तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किये जाने वालों का पुरस्कृत करने की भी योजना है।
इसके साथ ही रोजगार सृजन के लिए सेवायोजना एवं अन्य विभागों के सहयोग से स्टाल लगाए जाएंगे। साथ ही जिले में विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए विकास कार्यों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार पाठक, डीआरडीए के परियोजना निदेशक एके सिंह आदि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित माटी कला योजना के तीन लाभार्थियों को पावर-चाक टूल किट वितरित किए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार व ग्रामोद्योग अधिकारी उपस्थित रहे।