सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में सोमवार सुबह खैराबाद जा रहे सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) सांख्यिकी व सचिव की स्कूटी में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
वहां एडीओ सांख्यिकी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जख्मी सचिव का इलाज चल रहा है। स्कूटी को टक्कर मारकर चालक ट्रक समेत भाग निकला। पुलिस ट्रक का पता लगा रही है। हादसे के समय दोनों कर्मचारी खैराबाद ब्लॉक जा रहे थे।
शहर के रानी कोठी निवासी खैराबाद ब्लॉक क्षेत्र में तैनात सचिव नीरज शुक्ला (32) लखीमपुर खीरी जिले के हैदराबाद थाना क्षेत्र के मुल्लापुर रोशन नगर निवासी व एडीओ सांख्यिकी दुर्गा प्रसाद (52) के साथ स्कूटी पर सवार होकर सोमवार सुबह जा रहे थे।
जब यह लोग शहर कोतवाली इलाके में हाईवे पर वैदेही वाटिका के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दुर्गा प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। नीरज शुक्ला इलाज चल रहा है।
घटना की खबर पाकर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। लखीमपुर से मृतक कर्मचारी के परिवारीजन भी पहुंचे। इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।