बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में नगर पालिका के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार के ट्रक से नीचे आने से पिता व पुत्र की मौत हो गई।
महोली कोतवाली इलाके चमखर गांव निवासी कमलेश पांडेय (52) अपने 23 साल के बेटे अखिल पांडेय के साथ किसी काम से बिसवां आए थे। बिसवां में दोनों बाइक से नगर पालिका के निकट से गुजर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार कमलेश उसके नीचे आ गया और कुचल कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कमलेश का बेटा अखिल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसको जिला अस्पताल रेफर किया। देर रात बेटे की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। ट्रक चीनी मिल से गन्ना छोड़कर वापस जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।