सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में हाइवे पर जा रही एक बस ने टेंपो सहित साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा व व्यापारी की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
गुरुवार की सुबह लखनऊ से आ रही एक परिवहन निगम की अनियंत्रित बस ने मनवा चौकी के निकट हाइवे पर पीछे से टेंपो में टक्कर मार दी। इसके बाद बस ने साइकिल से कॉलेज जा रही इंटर की छात्रा रामपुर टड़वा थाना अटरिया निवासी अनीता पाल (16) को टक्कर मार दी। छात्रा गांधी विद्यालय में पढ़ती थी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो में सवार फल व्यापारी केशनापुर थाना संदना निवासी कुन्नी (35) व उसका साला ढकहा निवासी सोनू (15) गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही कुन्नी की भी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि बस परिवहन निगम की है। चालक और बस को कब्जे में ले लिया गया है। शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद कार्रवाई की जा रही है।