सीतापुर। जिला अस्पताल में सोमवार को जांच कराने आए मरीज काफी परेशान रहे। अल्ट्रासाउंड कक्ष में चिकित्सक नदारद थे। एक्स-रे कक्ष में भीड़ अधिक होने के चलते दो घंटे बाद मरीजों का नंबर आया। इससे दो बजे तक मरीज जांच के लिए इंतजार ही करते रहे। ओपीडी में 1600 मरीजों ने इलाज कराया। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों की काफी भीड़ पहुंच गई। फिजीशियन कक्ष से लेकर बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष में काफी भीड़ थी। इसके बाद मरीज जब अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे तो उन्हें निराशा हाथ लगी। कारण यह था कि चिकित्सक कक्ष के बाहर बोर्ड टांग दिया गया था। इस पर चिकित्सक के साक्ष्य देने लखनऊ जाने की बात लिखी थी। इससे मरीज वापस चले गये।
रेहाना ने बताया पेट में कई दिनों से दर्द हो रहा है। चिकित्सकों ने जांच कराने की बात कही थी लेकिन अब जांच नहीं हो पाई है। अब मजबूरन बाहर जांच करवानी पड़ रही है। इसी तरह एक्स-रे कक्ष के बाहर मरीजों की लाइनें लगी रही। लाइन में खड़े हर्ष ने बताया सुबह नौ बजे पर्चा जमा कर दिया था। 11 बजे गये है अभी तक नंबर नहीं आया है। पैर में चोट लगने के कारण चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसी तरह दवा काउंटर पर भी मरीजों की काफी भीड़ जुटी रही।
एक सप्ताह बाद भी खुले में हो रहा प्लास्टर
जिला अस्पताल के कुछ विभागों में मरम्मत का काम कराया जा रहा है। हड्डी रोग विभाग में एक सप्ताह बाद भी काम पूर्ण नहीं हो सका है। सोमवार को इस कक्ष के बाहर खुले में ही मरीजों का प्लास्टर चढ़ाया जा रहा था। इससे यहां से निकलने वाले मरीजों को काफी परेशान हो रही थी।
आ रही है दिक्कतें
जिला अस्पताल में सोमवार के चलते काफी भीड़ हुई थी। हड्डी वार्ड में काम चल रहा है। इस वजह से कुछ दिक्कतें आ रही है।
- डॉ. आरके सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल