सीतापुर। हरदोई मार्ग पर मंगलवार को एक बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार युवक व ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।
इमलिया सुल्तानपुर के नटौरा गांव निवासी कपिल (24) अपने चचेरे भाई मोहित कुमार के साथ बाइक से रिश्तेदारी में नैमिषारण्य के आरबगंज स्थित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बर्मी गांव निवासी मोहित (20) अपने साथी लवकुश (20) और अर्जुन (22) के साथ बाग में कीटनाशक का छिड़काव कर ट्रैक्टर से वापस गांव लौट रहे थे।
सीतापुर-हरदोई मार्ग पर करमसेपुर गांव के पास कपिल की बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक मोहित व बाइक सवार कपिल की मौके पर ही मौत हो गई। घायल लवकुश को स्थानीय लोगों व पुलिस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अर्जुन को मामूली चोट आई है। घायल लवकुश का उपचार जारी है। इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह ने बताया कि वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
अविवाहित थे कपिल, परिजन बदहवास
परिजनों के अनुसार कपिल से बड़े एक भाई हैं। उनका विवाह हो चुका है। कपिल का विवाह नहीं हुआ था। इस हादसे के बाद परिजन बदहवास हैं। हादसे की जानकारी पर रिश्तेदारी में वैवाहिक खुशियां मातम में बदल गईं।