लहरपुर। केशरीगंज स्थित प्रज्ञा ज्वेलर्स से जेवर चुराने वाली दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों पुलिस ने शनिवार को खीरी जाने वाले मार्ग पर नवीनगर के पास से गिरफ्तार किया है। तीनों को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया है।
इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि मोहल्ला बेहटी निवासी सालिक राम रस्तोगी की केसरीगंज में प्रज्ञा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 17 मई को बुर्का पहनकर पहुंचीं दो महिलाओं ने पायल देखने के बहाने चांदी व सोने के जेवर चुरा लिए थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व घटना में प्रयुक्त बाइक के नंबर की मदद से खुलासा किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि खीरी के शारदानगर थाना क्षेत्र के अटकोहना निवासी रंजीत कुमार पाल, खीरी के सदर थाना क्षेत्र के बड़खेड़ा निवासी मोहिनी देवी और दीप्ति राज को चोरी के जेवर के साथ गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों आरोपी शातिर हैं। इनके खिलाफ लखीमपुर खीरी, बहराइच व सीतापुर में चोरी, नकबजनी, धोखाधड़ी सहित विभिन्न अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। (संवाद)