सीतापुर के बिसवां में शारदा नहर में किशोर डूबने के बाद विलाप करते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिसवां कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को शारदा सहायक नहर में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। पानी के तेज बहाव के चलते उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। उधर, शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे लेकिन पानी का वेग देख कोई नहर में नहीं उतर सका। स्थानीय लोग रस्सी के सहारे नहर में उतरे लेकिन देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका। किशोरों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
मोहल्ला जुलाहिन टोला निवासी शरीफ के घर उसके रिश्तेदार सिधौली कोतवाली क्षेत्र के बाड़ी निवासी लतीफ का पुत्र हसीब (17) आया था। शुक्रवार को शरीफ का पुत्र नफीस (15) अपने रिश्तेदार हसीब के साथ नहाने चले गए। दोनों चंदन महमूदपुर पुल के निकट नहर में उतर कर नहाने लगे पर पानी के तेज बहाव होने के कारण दोनों संतुलन न रख सके और पानी में डूब गए।
उधर से गुजर रहे लोगों ने किशोरों को डूबते देख लिया, लेकिन तेज बहाव के कारण उनकी मदद नहीं कर सके। कुछ देर में खबर फैलते ही नहर पटरी पर नफीस के परिवार के सदस्य व कस्बे के लोगों का जमावड़ा लग गया। कोई मदद न मिलते देख स्थानीय नागरिक रस्सी के सहारे नहर में उतर गए।
हालांकि देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था। नहर में उतरने वाले लोगों का कहना है कि नहर में पानी का बहाव तेज है, जिसकी वजह से वे नहर की तलहटी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। तहलटी में पहुंचने के प्रयास में कई बार वे खुद ही डूबते-डूबते बचे। नफीस व हसीब के परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।