मानपुर। सीतापुर-बिसवां मार्ग पर लालपुर चौराहे के पास रविवार शाम अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे खड़ीं दो सगी बहनों को रौंद दिया। हादसे में एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परसेहरा निवासी इदरीश खां ने बताया कि उनकी पुत्री शीबा (21) अपने भाई के साथ व दूसरी पुत्री सकीला (30) अपने पति अहमद अली निवासी क्योटी के साथ बिसवां गई थीं। बिसवां से लौटते समय दोनों बहनें लालपुर चौराहे पर परचून का कुछ सामान खरीदने के लिए रुक गईं। दोनों सड़क की पटरी पर खड़ी थीं।
सीतापुर से बिसवां की ओर जा रहे दूध लदे बेकाबू पिकअप ने दोनों को रौंद दिया। हादसे में शीबा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सकीला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार सकीला का इलाज सीतापुर में चल रहा है। सकीला की शादी क्योटी गांव में हुई है और उनके तीन बच्चे हैं।
थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। जांच-पड़ताल की जा रही है।