रामपुर मथुरा (सीतापुर)। रामपुर थाना क्षेत्र के भगहर गांव में विवाह समारोह के दौरान डीजे गाड़ी को निकालने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। तमंचे से फायरिंग भी की गई। हालांकि पुलिस ने फायरिंग से इंकार किया है। आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
भगहर निवासी गयादीन की पुत्री की बुधवार को शादी थी। बरात जयरामपुर से आई थी। बरात द्वारचार के लिए जा रही थी। गांव के एक गलियारे में बरात के साथ चल रही डीजे की गाड़ी को लेकर लड़की पक्ष का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसी दौरान एक शख्स ने तमंचे से फायर कर दिया।
थानाध्यक्ष राम अवध चौहान ने बताया कि मारपीट हुई है। एक पक्ष से रमेश वर्मा, पप्पू, दीपू और पवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, जबकि दूसरे पक्ष से उत्तम, अमर सिंह, राधेश्याम और कृपाराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रमेश घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।