लहरपुर/सीतापुर। नीट में दो होनहारों ने कामयाबी हासिल कर परिवार व जिले का मान बढ़ाया है। होनहारों को बधाई देने के लिए लोग घर पहुंच रहे हैं। लहरपुर के मोहल्ला विकास नगर निवासी दिव्यांश यादव ने नीट 2023 में ऑल इंडिया जनरल रैंक 1849 व ओबीसी रैंक में 513वां स्थान हासिल किया है।
दिव्यांश की कामयाबी पर परिवार व क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दिव्यांश अपनी सफलता का श्रेय पिता अवधेश कुमार यादव, माता सुमन देवी, बड़े भाई सनी यादव और गुरुजनों को देते हैं। दिव्यांश ने बताया कि उनका उद्देश्य डॉक्टर बनकर अपने क्षेत्र के लोगों की सेवा करना है। वहीं, तंबौर के मोहल्ला शीर्ष टोला निवासी किसान के बेटे अफजल नसीम ने नीट में 635 वीं रैंक पाई है। बेटे के परीक्षा पास करने की खबर सुनते ही परिवार वाले खुशी से झूम उठे। अफजल नसीम कामयाबी का श्रेय अपने पिता हाजी मोहम्मद नसीम, माता शाकिया खातून, भाई-बहन व गुरुजनों को देते हैं।