सीतापुर। बिसवां थाना क्षेत्र के अलीबख्शपुरवा मजरा पुरैनी में एक झोपड़ी से उठी चिंगारी तेज हवा का साथ पाकर शोला बन गई। देखते ही देखते सात मकान चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
अलीबख्शपुरवा निवासी नत्थू के मकान में पड़े छप्पर में चिंगारी से आग लग गई। तेज हवा से नत्थू के मकान के पास ही स्थित उसके भाइयों कामता, नत्थू, सोनेलाल के साथ ही अनिल, सुशील, लक्ष्मण के मकान भी आग की चपेट में आ गए। आग लगने से अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचना देने के साथ ही निजी स्तर से आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दीं। घटना में कई मवेशियों की जलकर मौत हो गई, तो साथ ही घरेलू सामान और जरूरी कागज भी जल गए। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने फायर टेंडर का इस्तेमाल कर किसी तरह आग बुझाई। तहसीलदार अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार को मौके पर नुकसान के आकलन के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर सभी पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।
आग से पांच बीघा गन्ने की फसल जली
कमलापुर। कसमंडा विकास खंड की ग्राम पंचायत पतारा कला में गन्ने के खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन एक महिला किसान के लिए मुसीबत बन गई। तेज हवा के कारण हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकराने के बाद निकली चिंगारी से विमला श्रीवास्तव की लगभग तीन बीघा गन्ने की फसल जल गई। पास ही स्थित श्रवण की दो बीघा खेत में लगी गन्ने की फसल भी जल गई।
आग लगने से एक लाख का नुकसान
लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत भदफर के मजरा रमुआपुर में केशव के मकान में बुधवार को अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने निजी संसाधनों का इस्तेमाल कर आग बुझाई। जब तक आग बुझी तब तक गृहस्थी का सारा सामान जल चुका था। केशव के मुताबिक लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।