मिश्रिख। इलाके के सहसापुर में निजी ट्यूबवेल की लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से दो निजी लाइनमैन झुलस गए। एक को जिला अस्पताल व दूसरे को सीएचसी मिश्रिख में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के परिजनों ने बिजली विभाग के लाइनमैन के खिलाफ तहरीर दी है।
ग्राम मोहकमपुर निवासी अंकित ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि उनके भाई लालू (35) निजी लाइनमैन हैं। वह बिजली विभाग के लाइनमैन अभिषेक राज के लिए काम करते हैं। रविवार दोपहर अभिषेक राज के कहने पर लालू सहसापुर गांव बिजली की लाइन ठीक करने गए थे। आरोप है कि अभिषेक राज ने कहा कि शटडाउन चल रहा है लेकिन इसी दौरान लाइन चालू कर दी गई। इससे लालू करंट की चपेट में आ गए। वहां मौजूद निजी लाइनमैन विपिन (23) ने लालू को बचाने का प्रयास किया। इस पर लालू के साथ ही विपिन भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। लालू को जिला अस्पताल व विपिन काे मिश्रिख सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसडीओ रत्नेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। (संवाद)