लहरपुर (सीतापुर)। तालगांव कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर खेत में काम कर रहे तीन लोग बिजली गिरने से बुरी तरह से झुलस गए। गंभीर हालत में तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक घायल का इलाज किया जा रहा है।
हादसे की खबर पाकर एसडीएम ने गांव पहुंचकर हालातों का जायजा लिया। तालगांव क्षेत्र के शाहजी का पुरवा मजरा मोहिद्दीनपुर में रहने वाला शरीफ अहमद (40) पुत्र बशीर अहमद मंगलवार को अपने गन्ने की फसल में खाद डाल रहा था। इस काम में शरीफ का भाई रसीद (35) और शैलेश (28) पुत्र फेरीलाल निवासी जोहरापुर मजरा इमलिया भी उसके साथ जुटे हुए थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे बारिश होने लगी। आसमान पर घिर आए काले बादल रह-रहकर गरज रहे थे। इसी बीच तेज कड़कड़ाहट के साथ बिजली खेत में काम कर रहे उक्त तीनों लोगों पर गिरी। हादसे में तीनों लोग बुरी तरह झुलस गए। यह देख आसपास खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद भी हालत बिगड़ती देखी तो सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने शैलेश और शरीफ को मृत घोषित कर दिया। रसीद का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
हादसे की सूचना पर एसडीएम सुरेश कुमार, कोतवाली प्रभारी व लेखपाल ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पीड़ित परिवारों को दैवीय आपदा के तहत जल्द सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मानपुर में दो भैंसें भी मरीं
मानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के बन्नीखरैला गांव में बिजली गिरने से गिरधारी की दो भैंसों की मौत हो गई। घटना के समय दोनों भैंस घर के बाहर बंधी थीं। बताते हैं कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे भैंसों पर बिजली गिरी। पुलिस व पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की है।
बिजली गिरने से खेत में काम रहे दो लोगों की मौत हुई है जबकि एक घायल है। घायल का इलाज चल रहा है। मृतकों के परिवारीजनों को दैवीय आपदा के तहत चार-चार लाख रुपये की चेक उपलब्ध कराई जा रही है। घायल यदि तीन दिन से अधिक समय तक अस्पताल में भर्ती रहता है तो उसे भी सहायता दिलाई जाएगी।
-सुरेश कुमार, एसडीएम