इमलिया सुल्तानपुर/सीतापुर। किशोरी संग सामूहिक दुष्कर्म के बाद वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब तक इस मामले में छह को जेल भेजा जा चुका है। अभी एक आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। उधर, पीड़ित दलित लड़की के साथ हुए गैंगरेप के मामले में पूर्व सीएम मायावती के निर्देश पर गुरुवार को लखनऊ मंडल के सेक्टर प्रभारी राकेश गौतम व सीतापुर के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार गौतम उसके गांव पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र की एक किशोरी के साथ सात सितंबर को सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। आरोपियों ने घटना की वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस हाजीपुर के सीबू, आसिफ, दानिश व आबिद को पहले ही जेल भेज चुकी है। गुरुवार को इस मामले के दो आरोपियों आरिफ व खैराबाद के टिकरिया निवासी कौशल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराने के बाद जेल रवाना कर दिया है।
अब तक पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को जेल भेज चुकी है। एक अन्य आरोपी नाजिम की तलाश की जा रही है। इमलिया सुल्तानपुर के इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह का कहना है कि नाजिम की तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अभी वहां कैंप किए हुए है।