हरगांव (सीतापुर)। गन्ना बेच कर दो डनलपों से घर वापस जा रहे इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के चार किसानों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो किसानों व दो बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। दो किसान जख्मी हो गए। इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरगांव थाना क्षेत्र स्थित चीनी मिल से गन्ना बेच कर इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के रिछौना गांव के किसान दो डनलपों से वापस घर जा रहे थे। जब यह लोग हरगांव दतेली मार्ग पर इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के कंचनपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों डनलपों में तेज ठोकर मार दी।
जिससे डनलप पर सवार इमलिया सुल्तानपुर इलाके के काजी कमालपुर चौकी क्षेत्र के रिछौना निवासी किसान राम लखन (40) पुत्र गेंदई लाल व विजय कुमार (55) पुत्र छोटे लाल की गुरुवार की भोर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उस पर सवार राजन उर्फ सुनीत कुमार (32) पुत्र ज्ञान प्रकाश दीक्षित व शिव भगवान (25) पुत्र रामस्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस दुर्घटना में राजन के दोनों बैलों की भी मौत हो गई है। पुलिस ने हादसे में मारे गए बैलों का भी पोस्टमार्टम कराया है। बचे जख्मी बैलों का पशु चिकित्सकों से इलाज कराया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक इमलिया सुल्तानपुर मनोज कुमार यादव, चौकी प्रभारी काजी कमालपुर शशांक पांडेय टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मृतक किसानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।