हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक जख्मी हो गया। ये दुर्घटनाएं सिधौली-मिश्रिख मार्ग व अटरिया में हाईवे पर हुईं। पुलिस को सूचना दे दी गई थी। संदना क्षेत्र के छरिहापुर मजरा ढखहा गांव निवासी रामगोपाल वर्मा (50) पुत्र बहादुर शनिवार सुबह साइकिल से सिधौली जा रहा था।
जब वह सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर लौहंगपुर मोड़ के पास पहुंचा, तभी सड़क पर बकरियों का एक झुंड आ गया। इस दौरान ही सिधौली क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी नंदू (35) पुत्र सुखविंदर भी बाइक से पहुंच गया। बकरियों के झुंड से बचने के प्रयास में नंदू की बाइक अनियंत्रित हो गई। जिसके बाद बाइक साइकिल से जा टकराई।
इस हादसे में रामगोपाल के साथ ही बाइक गिरने से नंदू भी जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को सिधौली सीएचसी पहुंचाया, जहां रामगोपाल की मौत हो गई, जबकि नंदू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। खबर पाकर दोनों के परिवारीजन भी पहुंच गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं अटरिया क्षेत्र के जगदीशपुर मजरा जयपालपुर निवासी मोहनलाल यादव (40) पुत्र टीकाराम शुक्रवार को किसी काम से बाइक से लखनऊ गया था। रात करीब 11 बजे वह वापस जा रहा था। जब वह अटरिया इलाके में हाईवे पर रैदासपुर गांव के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और निकल गया। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।