लहरपुर। गाड़ियों को किराये पर चलाने का प्रलोभन देकर गिरवी रखने वाले दो जालसाजों को पुलिस ने बुधवार को हरगांव मार्ग पर रमुवापुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी वाहन के कागजों में हेराफेरी कर लोगों से ठगी करते थे। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव के मजरा चिरावर निवासी पवन सिंह तोमर व लोखरियापुर निवासी शकील अहमद को पकड़ा। कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि इनके कब्जे से दो कार बरामद हुईं हैं।
पूछताछ में बताया कि वह लोग एक योजना के तहत वाहन स्वामियों से संपर्क कर उनकी गाड़ियों को किराये पर चलाने के लिए प्रलोभन देते थे। इसके बाद कुछ महीने का किराया एडवांस दे देते थे। बकायदा एग्रीमेंट कराते थे। इसके बाद वाहन स्वामी के आधार कार्ड की कूटरचना कर अपनी फोटो छपवा लेते थे। बाद में खुद को गाड़ी का मालिक बताकर उसे गिरवी रख देते थे। अच्छी कीमत मिलने पर गाड़ी बेच देते थे। दोनों शातिर अपराधी हैं। इन पर कई मुकदमें दर्ज हैं।