लहरपुर। बिसवां मार्ग पर खानपुरसादात गांव के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से सैर पर निकले दो बुजुर्गों की मौत हो गई। वहीं, साइकिल सवार पीआरडी जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद के आधार पर हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश कर रही है। सीओ अभिषेक ने बताया कि रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
रघुनाथपुर निवासी राकेश वर्मा (62) और टांडाखुर्द गांव निवासी रमेश चंद्र अवस्थी (68), जो वर्तमान में मोहल्ला अंबरसराय में रहते थे, सुबह सैर पर निकले थे। दोनों घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। चालक दोनों को रौंदते हुए वाहन सहित भाग निकला। रास्ते में बरेती जलालपुर गांव निवासी पीआरडी जवान रामस्वरूप (50) भी मोहल्ला जोशी टोला में रात्रि ड्यूटी करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। खानपुरसादात गांव के पास वाहन ने उनकी साइकिल में भी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी लहरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राकेश वर्मा और रमेश चंद्र अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पीआरडी जवान रामस्वरूप का इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
हादसे में जान गंवाने वाले राकेश वर्मा (62) नलकूप विभाग में कार्यरत थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वह अधिकतर समय अपने घर पर ही बिताते थे। देर शाम जब उनका शव घर पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में उनके भाई राधेश्याम ने मुखाग्नि दी। वहीं टांडाखुर्द निवासी रमेश चंद्र अवस्थी (68) गन्ना विभाग में तौल लिपिक थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वह अक्सर अपना समय आध्यात्म में बिताते थे। उनकी तीन संतानें हैं। उनके बड़े बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी।