सीतापुर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रेउसा में बृहस्पतिवार को चहलारी घाट के करीब सरयू में दो लोग डूबने लगे। पता चलने पर द्वितीय वाहिनी पीएससी के आपदा बचाव दल ने डूबते हुए व्यक्तियों को बचा लिया। प्राथमिक उपचार के उपरांत एंबुलेंस से उन्हें चिकित्सालय भेजा गया।
इस दौरान अचानक सरयू का जलस्तर बढ़ने से सुंदरनगर के पास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को भी बाढ़ के पानी से घिरने पर सुरक्षित निकाला गया। यह नजारा बृहस्पतिवार को मॉकडि्रल के दौरान दिखा। ग्रामीणों को बाढ़ से निपटने व सावधानी बरतने का प्रशिक्षण भी दिया गया। बाढ़ के दौरान होने वाली मुश्किलों को कम समय में दूर करने के लिए प्रशासन ने रिहर्सल किया।
बिसवां एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि मॉकडि्रल का उद्देश्य बाढ़ की विभीषिका के दौरान राहत एवं बचाव की गतिविधियों का त्वरित संचालन करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी आपदा होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, जिससे तत्काल मदद की जा सके।
आपदा बचाव दल के कमांडर जयवीर सिंह ने मॉक एक्सरसाइज के दौरान की गई गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। चिकित्सा टीम ने बाढ़ के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों के विषय में लोगों को अवगत कराया। इस मौके पर एएसपी प्रकाश कुमार, महमूदाबाद एसडीएम शिखा शुक्ला, लहरपुर एसडीएम आकांक्षा गौतम, अधिशासी अभियंता सिंचाई विशाल पोरवाल आदि मौजूद रहे।