लहरपुर/मिश्रिख (सीतापुर)। तालगांव इलाके में सोमवार को एक किशोर की नदी में डूबने से जान चली गई। मिश्रिख में भी एक युवक की नाले में डूबने से मौत हो गई।
तालगांव इलाके के भुड़कुड़ी गांव निवासी राजाराम का बेटा अमनदीप (12) सोमवार को मवेशी चराने गया था। वहां वह मवेशियों को गोन नदी में पानी पिला रहा था।
इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह नदी में चला गया। गहरे पानी में वह डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की।
कुछ देर बाद उसका शव नदी से बरामद कर लिया है। पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मिश्रिख इलाके के लालपुर गांव निवासी रंपत (18) पुत्र छोटकन्ने रविवार को नाले में गिर कर डूब गया था। जब तक उसे निकाला गया तब तक उसकी डूबने से मौत हो गई। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।