नैमिषारण्य। संतकबीरनगर से शादी के बाद नैमिषारण्य आई एक विवाहिता जेवर व कपड़े लेकर भाग गई। पति ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। नैमिषारण्य के बकैनिया गांव निवासी गोविंद के अनुसार 24 नवंबर को उसका विवाह संतकबीरनगर जिले के मावली थाना काली जगदीशपुर गांव निवासी युवती से हुआ था। जब से विवाह हुआ था, तब से वह कई बार किसी से फोन पर बात करती थी। बात करने के बाद वह नंबर डिलीट कर देती थी।
गोविंद ने इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। 26 नवंबर की रात जब परिवार के सभी लोग सो रहे थे, इसी दौरान दुल्हन मौका पाकर अलमारी से करीब दो लाख रुपये के जेवर और कपड़े लेकर भाग गई।
पीड़ित ने आस-पड़ोस और फिर रिश्तेदारी में फोन से जानकारी करने का काफी प्रयास किया। इसके बाद भी दुल्हन का कोई पता नहीं चल पाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। फोन नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। कार्रवाई की जा रही है।