सीतापुर। क्राइम ब्रांच व सदरपुर पुलिस टीम ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लग गई। एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि उपचार के बाद दोनों को जेल भेजा जाएगा।
सदरपुर थाना पुलिस व स्वाॅट टीम फरार चल रहे थाना रेउसा के चेनी निवासी इसरार उर्फ बुढ़ऊ व रमुआपुर निवासी किशोरी की तलाश में थी। मुखबिर की सूचना पर बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे सदरपुर थाना क्षेत्र में बजेहरा गांव के पास पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवक आते दिखे।
पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। इस पर क्राइम ब्रांच निरीक्षक प्रदीप दुबे ने जवाबी फायरिंग की। गोली आरोपियों के दाहिने पैर में लगी। गोली लगने के बाद आरोपी गिर गए और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनाें बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम था। इनके पास से तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
सीतापुर संग बहराइच व लखनऊ में की है वारदातें
इसरार पर सीतापुर, लखनऊ व बहराइच में 35 मुकदमे दर्ज हैं। इसरार पर वर्ष 1997 में रेउसा थाने में मारपीट की धाराओं में मुकदमा लिखा गया था। इसके बाद उस पर गैंगस्टर, एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, लूट, नकबजनी संग 35 मुकदमे दर्ज हुए। वहीं, किशोरी पर सीतापुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दस मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व अन्य मुकदमे दर्ज हैं। एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि इन दोनों आरोपियों से बहराइच व लखनऊ पुलिस भी पूछताछ करेगी।