सीतापुर। विभिन्न सड़क हादसों में मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया। घायल का इलाज ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में चल रहा है। कोतवाली क्षेत्र महोली के आर्गेनिया निवासी रामकिशोर (30) पुत्र बाबूराम नागपंचमी पर अपनी बहन के यहां रुकनदीनपुर आया था।
गुरुवार देर शाम वह अपने बहनोई के भाई रामसनेही के साथ बाइक से पिसावां आया। देर रात वापस रुकनदीनपुर जाते समय उनकी बाइक पथरी गांव के करीब रास्ते में बैठे सांड से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रामकिशोर की मौत हो गई जबकि रामसनेही को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है।
उधर, टांडा गांव में शुक्रवार की सुबह पिकअप बैक करते समय उसकी चपेट में आकर राखिया (2) पुत्र इस्लाम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग गया। थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।