मिश्रिख/लहरपुर। पीसीएस-जे 2018 में जनपद के दो होनहारों ने परचम लहराया है। विकास वर्मा ने 367 व अंकिता ने 582वीं रैंक हासिल कर नाम रोशन किया है। इस सफलता पर उनके घर परिवार में जश्न जैसा माहौल है।
मिश्रिख कस्बे के मोहल्ला रामनगर निवासी अधिवक्ता बृजलाल चौधरी की बेटी अंकिता बौद्ध ने पीसीएस जे परीक्षा में 582 रैंक हासिल किया। अंकिता ने शुरुआती शिक्षा सीबीआरडी कावेंट स्कूल मिश्रिख से की।
उसके बाद इंटर तक की परीक्षा राजेश्वरी इंटर कॉलेज से की। इंटर में वह टॉपर भी रही। इसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी आनर्स की डिग्री हासिल की।
इस दौरान वह पीसीएस जे की तैयारी करती रहीं। 2018 की परीक्षा में वह शामिल हुई। इस परीक्षा में अंकिता ने सफलता अर्जित की। इस पर घर में खुशी का माहौल है।
अंकिता का कहना है इसके पीछे माता-पिता व गुरुजनों का विशेष सहयोग रहा है। लहरपुर इलाके के ग्राम अंदेश नगर निवासी विकास वर्मा ने कड़ी मेहनत से न्यायिक सेवा में जाने का अवसर हासिल किया है।
विकास ने 367वीं रैंक हासिल की है। विकास के पिता रामभूषण वर्मा किसान हैं। विकास के चयन की खबर मिलते ही घर पर बधाइयां देने वालों की भीड़ जमा हो गई।
विकास ने कक्षा आठ तक सरस्वती विद्या मंदिर लहरपुर से शिक्षा ग्रहण की। उसके बाद 12वीं तक आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर और स्नातक लखनऊ विश्वविद्यालय से किया।