खैराबाद। मूसेपुर बाजार के पास रविवार रात दो बाइकें टकरा गईं। हादसे में पंचमपुरवा गांव निवासी अजय (50) की मौत हो गई। तीन अन्य लोग जख्मी हो गए।
परिजनों के अनुसार अजय तालगांव के गौरिया झाल गांव स्थित अपनी ससुराल गए थे, रात के समय वह लौट रहे थे। मूसेपुर बाजार के पास उनकी बाइक शहर के श्यामनाथ मोहल्ला निवासी महेंद्र (35) की बाइक से टकरा गई। महेंद्र की बाइक पर दो अन्य लोग भी बैठे हुए थे।
आमने-सामने से हुई टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार गिर गए। किसी के पास हेलमेट नहीं मिला है। अजय को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है। सीओ सिटी विनय कुमार ने बताया कि प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है।