जहांगीराबाद। सदरपुर इलाके में रविवार शाम करीब पौने आठ बजे बिसवां-रेउसा मार्ग पर एक बाइक की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
बिसवां के पटेल नगर मोहल्ला निवासी मोहम्मद जैब (25) अपने साथी कमंगरी टोला निवासी अनस (23) के साथ बाइक से जहांगीराबाद आए थे। वापस जाते समय धामीसरांय चौराहे के निकट एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगे। इतने में ही एक कार सामने से आ गई। रफ्तार तेज होने के चलते वह बेकाबू होकर कार से टकरा गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से बिसवां सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। इधर कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार में कुछ महिलाएं बैठी थीं, जो बच गईं।
थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि मौके पर देबियापुर चौकी प्रभारी को भेजा गया था। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।