सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र के निमतापुर में नकली खाद की फैक्टरी चलाने वाले दो आरोपियों को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया था। इसमें दो वांछित आरोपियों मछरेहटा थाना क्षेत्र के इटैव्वा गांव निवासी मो. नबी व मानपुर थाना क्षेत्र के पकरिया गांव निवासी साहिद उर्फ सहीर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने बोरा सिलने की मशीन, 139 किसान डीएपी मार्का प्रिंटेड नई खाली बोरी, 37 किसान डीएपी मार्का मुद्रित बोरी, 3 किसान डीएपी मार्का प्रिंटेड नई खुली बोरी, 1 इलेक्ट्राॅनिक वेइंग मशीन, दो रील, 480 सफेद बोरियों में पैक रॉ-मैटेरियल बरामद किया है। थाना प्रभारी संदना चंद्रभान यादव ने बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके पर छह मजदूर मिले थे। इनकी भूमिका की जांच चल रही है।
वहीं, जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम व अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसमें मो. नबी व शाहिद के अलावा लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के नैमिषपुरम कॉलोनी निवासी मैसर्स अंश ट्रेडिंग कंपनी के प्रतिनिधि सौरभ श्रीवास्तव, मछरेहटा के असरेखा निवासी विकास पासी, सुरजीत राजवंशी, मनोज रैदास, मोहित कुमार व अनीस शामिल हैं।
साईं बायोकॉप साइंस के बिल की हो रही जांच
निमतापुर में छापे के दौरान सीतापुर की फर्म साईं बायोकॉप साइंस का भी एक बिल मिला था। यह बिल बीती 3 मई 2024 का था, जिसमें 1500 किलो खाद का जिक्र है। वहीं, 30 हजार नब्बे रुपये का जिक्र है। इसकी जांच चल रही है। इस फर्म का जिक्र अधिकारियों ने एफआईआर में भी किया है।
राजकीय कृषि प्रक्षेत्र जलालपुर में सील किया गया माल
निमतापुर से बरामद नकली खाद की छह सौ बोरियों को राजकीय कृषि प्रक्षेत्र जलालपुर के एक कमरे में सील किया गया है। इस माल के संबंध में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर निर्णय लिया जाएगा।