सीतापुर। होली के दिन जिले की 22 सीएचसी पर दो-दो एंबुलेंस 24 घंटे मौजूद रहेंगी। विशेषज्ञ चिकित्सक भी इमरजेंसी में सेवाएं देंगे। सीएमओ ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को इलाज के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को होली का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन जिला अस्पताल में सुविधाएं तो चाक चौबंद रहेंगी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सीएचसी व पीएचसी पर भी चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि इस दिन सभी चिकित्सकों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं। चिकित्सकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहे। गंभीर मरीजों को तत्काल एंबुलेंस की सुविधा दी जाए।
इमरजेंसी में बैठेंगे नेत्र रोग विशेषज्ञ
सीएचसी की इमरजेंसी में ईएमओ तो मौजूद रहेंगे साथ ही नेत्र रोग विशेषज्ञ की भी तैनाती की गई है। होली के दिन रंग खेलने की वजह से लोगों की आंख में रंग व गुलाल पड़ने से उनको दिक्कत होने लगती है। इस वजह से नेत्र रोग विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।