सीतापुर। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र सिंह-चतुर्थ की कोर्ट ने हत्या और ठगी के एक मामले में दो आरोपियों को दोषमुक्त करार माना। रमाकांत उर्फ कंते और हरिपाल पर 2005 में जितेंद्र कुमार मिश्र की हत्या करने व 18 हजार रुपये की ठगी का आरोप था। न्यायालय ने अभियोजन पक्ष को संदेह से परे आरोप सिद्ध करने में असफल पाया।
मामला वर्ष 2005 में सिधौली क्षेत्र का है। तीन और चार फरवरी की रात गुरु बक्शपुर के पास एक खेत में जितेंद्र कुमार मिश्र का शव मिला था। उसके सिर और हाथों पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। मृतक के पिता शिवराम मिश्र ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। विवेचना के बाद रमाकांत उर्फ कंते, हरिपाल और दीपक उर्फ दीपू के खिलाफ हत्या और ठगी की धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया गया। हत्या में प्रयुक्त बांका की बरामदगी भी स्वतंत्र गवाह से प्रमाणित नहीं कराई जा सकी। गवाह व साक्ष्य के अभाव में कोर्ट ने रमाकांत उर्फ कंते और हरिपाल को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। (संवाद)