लहरपुर (सीतापुर)। घने कोहरे के कारण एक कार सड़क के किनारे खड्ड में गिर गई। बस की टक्कर से दो लोग जख्मी हो गए। दिल्ली से चावल लेकर आ रहा एक ट्रक पलट गया। गनीमत रही कि हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई।
भदफर-लहरपुर मार्ग पर ग्राम ताहपुर पावर हाउस के निकट कार में सवार चार लोग लखनऊ से अपने घर ग्राम उर्रा थाना मोतीपुर जनपद बहराइच जा रहे थे। अधिक कोहरा होने के चलते बीती देर रात एक कार को ओवरटेक करते समय उनकी कार सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। सभी लोग बाल-बाल बच गए।
उधर, मंगलवार सुबह लहरपुर की ओर से एक रोडवेज बस लखनऊ जा रही थी। बिसवां मार्ग पर सूर्य कुंड मंदिर के पास साइकिल सवार तालगांव के नेवादा निवासी रमाशंकर (60) और सड़क के किनारे आग ताप रहे जिला लखीमपुर के गांव बरारी निवासी चंद्र प्रकाश (38) को टक्कर मार दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से रमाशंकर को रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि बस को कब्जे में लिया गया है।
थाना रामकोट इलाके में मंगलवार सुबह दिल्ली से आ रहा एक ट्रक पलट गया। हादसा हाईवे पर लक्ष्मणपुर गांव के पास हुआ। ट्रक में चावल से भरी बोरियां लदी थी। खलासी विश्म्भर ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। शहर के एक व्यापारी के यहां चावल जाना था। बोरियों को तुरंत ही हटा दिया गया था। देर शाम मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को हटवाया।