मछरेहटा। कजियारा मोहल्ले में काफी नीचे लटके बिजली के तारों में बृहस्पतिवार देर शाम एक ट्रक फंस गया। तारों के खिंचाव से सड़क किनारे लगे बिजली के चार खंभे टूटकर गिर गए। खंभे की चपेट में आने से नई बस्ती निवासी सुबी (16) की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी मां सरोजनी (40) गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने सरोजनी को सीएचसी में भर्ती कराया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा मोहल्ले में मिश्रिख मार्ग पर स्थित प्रधान दवाखाना के पास हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर बिजली के तार काफी समय से नीचे लटक रहे थे। खंभों की स्थिति भी ठीक नहीं थी। इसको लेकर कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। घटना को लेकर स्थानीय लोगाें में आक्रोश है। हालांकि पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत करा दिया।
थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि इस मार्ग पर ट्रक आदि वाहन गुजरते हैं। ट्रक पूरी तरह से खाली था, इसलिए उसके ओवरहाइट होने की संभावना ही नहीं बनती। नीचे की ओर लटक रहे कुछ तार ट्रक के एंगल में फंस गए थे। इस वजह से हादसा हुआ है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। विद्युत विभाग को घटना की जानकारी दी गई है।
हरिद्वार में मजदूरी करते हैं पिता
मृतका सुबी के पिता राजू हरिद्वार में मजदूरी करते हैं। घटना के समय वह हरिद्वार में ही थे। पुलिस ने उन्हें सूचना दे दी है। सुबी अपनी मां सरोजनी के साथ किसी काम से जा रही थी। तभी हादसा हो गया। घटना से स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की कार्यशैली के प्रति रोष है।
करंट लगने से भैंस की मौत
पिसावां। नेवादिया गांव में बृहस्पतिवार को करंट लगने से भैंस की मौत हो गई। आरोप है कि गांव में एचटी लाइन का तार कई दिन से जमीन पर पड़ा था। इसकी सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए गांव निवासी हरिश्चंद्र की भैंस तार की चपेट में आ गई।