लहरपुर (सीतापुर)। खाद दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने कई व्यापारियों से लाखों की ठगी कर ली। बुधवार को लहरपुर आए आरोपी को व्यापारियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित व्यापारियों की मानें तो बस्ती जिले के दुबोलिया गौसपुर थाना डिंगरापुर मुश्काहम गांव निवासी अनुराग सिंह एक कंपनी में सेल्स ऑफिसर के पद पर था। कंपनी का नाम वेद प्राप साइंस प्राइवेट लिमिटेड है।
उसने कृषि में उपयोग आने वाली कंपनी की खाद देने के नाम पर शुक्ला ट्रेडिंग कंपनी शाहपुर से दो लाख रुपये, आदेश खाद भंडार लालपुर से 28,600 रुपये, जनता फर्टिलाइजर लहरपुर से करीब चार लाख रुपये, बालाजी खाद भंडार घुरेपारा से 26,400 रुपये, पांडेय किसान सेवा केंद्र शाहपुर से करीब डेढ़ लाख रुपये। इसी तरह से वर्मा खाद भंडार, इफ्को घुरेपारा, सर्वेश कुमार वर्मा लालपुर, अयर खाद भंडार लहरपुर, श्रीपाल जायसवाल कृषि सेवा केंद्र से रुपये ऐंठ लिए। रुपये देने के बाद भी इन व्यापारियों को खाद नहीं मिली।
बाद में व्यापारियों को पता चला कि कंपनी ने उसे पद से हटा भी दिया है। अनुराग सिंह मंगलवार को लहरपुर स्थित अपना मकान बेचने आया था। इसकी जानकारी होने पर व्यापारियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।