सीतापुर। पंचायत मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम चल रहा है। गांव में रहने वाले ऐसे युवा जिनकी उम्र एक जनवरी 2025 को 18 साल हो गई है और जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे यदि ऑनलाइन आवेदन कर वोटर बनना चाहते हैं, तो इसके लिए 22 सितंबर अंतिम तिथि है। वह इसका लाभ उठा सकते हैं। आवेदनों की जांच 23 से 29 सितंबर तक की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पंचायत मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए बीएलओ घर-घर जा रहे हैं। वह सर्वेक्षण करके मतदाता सूची अपडेट कर रहे हैं। इसमें नए नाम जोड़ने, त्रुटियों को सही करने और नाम हटाने का काम हो रहा है। साथ ही पंचायत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा दी गई है।
इसके लिए 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन https://sec.up.nic.in पर किए जा सकते हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया कि 22 सितंबर तक किए गए ऑनलाइन आवेदनों की जांच 23 से 29 तक बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे। साथ ही 29 सितंबर तक घर-घर सर्वेक्षण का कार्य भी चलेगा।