सुबह से शुरू हुआ धूप-छांव का खेल दोपहर बाद झूमकर मेघों के बरसने से खत्म हो गया। बारिश से मौसम खुशनुमा होने से गर्मी से राहत मिली तो हर चेहरे पर खुशी नजर आई। शहर की सड़कों व बाजार में रिमझिम फुहारों ने लोगों का तन-मन भिगोया तो कई बारिश का लुत्फ उठाते दिखे। शनिवार के मुकाबले पारा एक डिग्री और लुढ़क गया। देर शाम तक रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा।
अभी तक बारिश न होने से मायूस लोगों के लिए पिछले तीन दिन खुशियों भरे रहे। मानसून ने दस्तक देकर बारिश का जो सिलसिला शुक्रवार को चालू किया वह रविवार को भी जारी रहा। रविवार सुबह से ही आसमान में काले बादलों की रवानी होने लगी।
कभी बादलों को चीरकर सूर्यदेव प्रकट होते तो अगले ही पल काली घटाएं छा जाती। धूप-छांव का यह खेल आखिरकार दोपहर बाद झमाझम बारिश ने खत्म कर दिया। संडे की छुट्टी व बदली से मौसम सुहाना देख घरों से निकले लोगों को बारिश ने भिगोया।
युवा और बच्चे बारिश में भीगते दिखे। बारिश ने मौसम सुहाना किया तो गर्मी से भी लोगों को राहत मिली। शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया जो रविवार को एक डिग्री और लुढ़क गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले के कई हिस्सों में सोमवार को भी बारिश की संभावना है।